फैक्ट्री परिसर में वारदात को दिया अंजाम, गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में चल रहा बच्ची का उपचार।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित बच्ची का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को जिला अस्पताल हरिद्वार से सूचना मिली थी कि एक 11 माह की बच्ची को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां परिजनों और चिकित्सकों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में बच्ची के समुचित उपचार और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पीड़िता के पिता की तहरीर पर 16 नवंबर को कोतवाली नगर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 646/2026 के तहत पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(एल), 5(एम), 6 तथा बीएनएस की धारा 65(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिता शर्मा को सौंपी गई।

प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी (18 वर्ष) निवासी पंचरुखी, थाना शाहकुंड, जिला भागलपुर (बिहार), को हरिद्वार के वाल्मीकि चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब 15 दिनों से हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंडस्ट्री की पाइप फैक्ट्री में काम कर रहा था। वह फैक्ट्री परिसर में ही पीड़िता के पिता के घर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की शाम बच्ची की मां ने कुछ समय के लिए बच्ची को आरोपी के पास छोड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी बच्ची को फैक्ट्री परिसर के एकांत स्थान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

फिलहाल पीड़िता का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया है। साथ ही एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Share.
Leave A Reply