योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और सनातन परंपरा को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर दिया जोर, कहा- अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ना समय की आवश्यकता।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। छठ महापर्व के अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव ने देशवासियों से अपनी सांस्कृतिक जड़ों, परंपराओं और पूर्वजों की विरासत से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने ‘बैक टू बेसिक्स, बैक टू आवर रूट्स, बैक टू आवर कल्चर, बैक टू नेचर, बैक टू वेदाज और बैक टू आयुर्वेद’ का संदेश देते हुए योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और सनातन परंपरा को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

छठ पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वामी रामदेव ने बच्चों और श्रद्धालुओं के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति भारतीय संस्कृति की श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है। पर्व में इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक सामग्रियां भी मनुष्य और प्रकृति के गहरे संबंध को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि छठ, होली, दीपावली, दशहरा और जन्माष्टमी जैसे त्योहार भारतीय समाज की सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

स्वामी रामदेव ने कहा कि आज के दौर में लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से दोबारा जुड़ने की जरूरत है। जिस प्रकार जड़ों से जुड़ा पेड़ ही मजबूती से खड़ा रह सकता है, उसी प्रकार अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ा समाज भी सशक्त बनता है। उन्होंने कहा कि योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और सनातन धर्म केवल धार्मिक या सांस्कृतिक विषय नहीं हैं, बल्कि भारतीय जीवन पद्धति के महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा और जीवनशैली में भारतीय ज्ञान परंपरा को अपनाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं आत्मिक चेतना के विकास पर भी ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गन्ने और मूली जैसी पारंपरिक खाद्य सामग्रियों का उल्लेख करते हुए भारतीय खानपान की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने लिवर संबंधी समस्याओं का जिक्र करते हुए गन्ने के सेवन की सलाह दी और कहा कि आजकल लिवर से जुड़ी समस्याएं तेजी से सामने आ रही हैं। उन्होंने छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक सामग्रियों को प्रकृति के प्रति भारतीय आस्था और उपासना की महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति बताया।

स्वामी रामदेव ने अपने फेसबुक लाइव कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि करीब तीन वर्ष पहले छठ पूजा के दिन ही उन्होंने फेसबुक लाइव की शुरुआत की थी। शुरुआत में इससे लाखों लोग जुड़े और धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ता गया। उन्होंने दावा किया कि आज इस कार्यक्रम से जुड़ने और इसे देखने वालों की संख्या अरबों तक पहुंच रही है। उन्होंने देशवासियों से प्रतिदिन सुबह फेसबुक लाइव के माध्यम से जुड़ने तथा योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और भारतीय संस्कृति के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

अंत में स्वामी रामदेव ने कहा कि जीवन में स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि, शांति और सफलता के लिए व्यक्ति को अपनी आंतरिक क्षमताओं को पहचानना जरूरी है। उन्होंने समस्त देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सूर्य के समान तेजस्वी बनने और अपनी प्रकृति, संस्कृति, धर्म, अध्यात्म तथा पूर्वजों की महान विरासत से जुड़े रहने का संदेश दिया।

Share.
Leave A Reply