बेड़पुर चौक के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी, तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन भी बरामद।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने बेड़पुर चौक के समीप चेकिंग के दौरान एक कार से 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस बरामद की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त रेनॉल्ट काइगर कार और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार एवं नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 9 नवंबर 2026 को कोतवाली पिरान कलियर पुलिस टीम बेड़पुर चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध रेनॉल्ट काइगर कार (UK08BL3527) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार सवार आरोपी निवासी ग्राम खेड़ी शिकोहपुर, कोतवाली भगवानपुर, उम्र 26 वर्ष के कब्जे से 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

गांवों से चरस एकत्र कर कलियर में बेचता था आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ड्राइविंग का काम करता है। अपने गांव और आसपास के गांवों में नशा करने वाले लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस एकत्र करता था। इसके बाद उसे कलियर क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। आरोपी ने व्यक्तिगत खर्चों की पूर्ति और अधिक पैसा कमाने के लालच में चरस तस्करी शुरू करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 307/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है।

यह हुई बरामदगी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस, तस्करी में प्रयुक्त रेनॉल्ट काइगर कार (UK08BL3527) और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस टीम

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उप निरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, माजिद खान, अमित कुमार तथा कांस्टेबल आविद अली शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply