गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई, जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने जारी किए थे जिला बदर के आदेश।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,10 नवम्बर 2026। जनपद में आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने एक शातिर एवं आदतन अपराधी के खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जिला बदर कर दिया। पुलिस ने न्यायालय के आदेश का पालन कराते हुए मुनादी के बाद आरोपी को जनपद की सीमाओं से बाहर किया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने नई बस्ती, ऋषिकुल निवासी के विरुद्ध गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की थी। पुलिस द्वारा मामले में जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, हरिद्वार में प्रभावी पैरवी की गई, जिसके फलस्वरूप न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ जिला बदर के आदेश जारी किए।

न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 10 नवंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी को आदेश की नियमानुसार तामील कराई। इसके बाद मुनादी कराते हुए उसे जनपद हरिद्वार की सीमाओं से बाहर कर जिला बदर की कार्रवाई की गई।

Share.
Leave A Reply