विधायक आदेश चौहान ने किया विधिवत पूजन कर कार्य का शुभारंभ, टीरा टोंगिया, खाला टीरा और टांडा टीरा में पेयजल संकट दूर करने की दिशा में अहम पहल।
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टीरा टोंगिया में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए ₹78.40 लाख की लागत से नई पेयजल योजना का शुभारंभ किया गया। मंगलवार को विधायक आदेश चौहान ने विधिवत पूजन कर योजना के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस योजना से ग्राम टीरा टोंगिया, खाला टीरा और टांडा टीरा के सैकड़ों परिवारों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्र में पहले भी करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पेयजल लाइन बिछाने और ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा चुका है। इसके बावजूद गर्मी के मौसम में पुराने नलकूप की क्षमता कम होने के कारण ग्रामीणों को पर्याप्त और नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही थी। नई पेयजल योजना के शुरू होने से इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेयजल प्रत्येक परिवार की बुनियादी आवश्यकता है और गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना करना पड़े, यह उचित नहीं है। इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए योजना स्वीकृत कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और परिवार तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाना उनका लक्ष्य है। क्षेत्र का समग्र विकास और जनसमस्याओं का स्थायी समाधान उनकी प्रतिबद्धता है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य बिमलेश देवी ने विधायक आदेश चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीरा टोंगिया, खाला टीरा और टांडा टीरा के ग्रामीण लंबे समय से पुराने नलकूप की सीमित क्षमता के कारण पेयजल संकट का सामना कर रहे थे। विधायक ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए ₹78.40 लाख की योजना स्वीकृत कराकर कार्य शुरू कराया है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, जिसके लिए समस्त क्षेत्रवासी उनके आभारी हैं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनिल कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि कुमार, प्रदीप राठौर, रामपाल सिंह, नाथी सिंह, डॉ. कुलदीप चौहान, नरेश राठौर, जसप्रीत सिंह और सुरेश प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


