फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 31 अक्टूबर, 2026। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को सराय रोड स्थित दो बेकरी निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में की गई इस कार्रवाई में दोनों बेकरी इकाइयों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने दोनों इकाइयों के खाद्य उत्पादों के निर्माण एवं संग्रह पर रोक लगाने के निर्देश दिए तथा कुल चार विधिक नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए।

निरीक्षण के दौरान जय आदर्श बेकरी में खाद्य लाइसेंस 25 नवंबर 2025 को समाप्त पाया गया। इसके बावजूद बेकरी संचालक बिना लाइसेंस नवीनीकरण कराए बेकरी उत्पादों का निर्माण, संग्रह एवं विक्रय कर रहा था। इसके अलावा उत्पादों पर लेबल, निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि का उल्लेख भी नहीं किया जा रहा था। मौके पर फर्श, दीवारें एवं मशीनें गंदी पाई गईं। बेकरी संचालक पेयजल जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र एवं फूड ग्रेड प्रमाणपत्र सहित आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने लाइसेंस बनवाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने तक बेकरी उत्पादों के निर्माण, संग्रह एवं विक्रय पर रोक लगा दी। मौके से खुले रस्क एवं रस्क निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे मैदा के दो विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए।

वहीं सराय रोड स्थित आदर्श बेकरी के निरीक्षण में रिटेलर के लिए जारी खाद्य लाइसेंस पर बेकरी उत्पादों का निर्माण किया जाना पाया गया। यहां वेज एवं नॉनवेज बेकरी उत्पादों को एक ही ओवन में बेक किया जा रहा था तथा नॉनवेज उत्पादों के लिए अलग निर्माण सेक्शन भी नहीं था। जांच में यह भी सामने आया कि बेकरी द्वारा OM ब्रांड, मुख्य बाजार रुड़की के लिए उत्पाद तैयार किए जा रहे थे, जबकि खाद्य लाइसेंस में रीलेबलर व्यवसाय शामिल नहीं था। मौके पर ब्रांड के साथ एग्रीमेंट की प्रति भी प्रस्तुत नहीं की गई। संग्रह स्थल पर वेज एवं नॉनवेज रस्क एक साथ रखे मिले। इस पर विभाग ने 400 ग्राम के 56 पैकेट नॉनवेज रस्क मौके पर गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराए।

विभाग ने आदर्श बेकरी में निर्माण एवं रीलेबलर व्यवसाय को लाइसेंस में शामिल करने, वेज एवं नॉनवेज निर्माण सेक्शन अलग करने तथा सभी अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत करने तक उत्पादों के निर्माण एवं संग्रह पर रोक लगा दी। यहां से नॉनवेज केक रस्क एवं सूजी रस्क के दो विधिक नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए।

इस प्रकार दोनों बेकरी इकाइयों से कुल चार विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply