फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 8 अक्टूबर। जन अधिकार पार्टी जनशक्ति की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में गुरुवार को रोशनाबाद स्थित यूपीसीएल (UPCL) के चीफ इंजीनियर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग की कथित अनियमितताओं और जनविरोधी कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यालय का घेराव किया तथा यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीएस ध्यानी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान हेमा भंडारी ने आरोप लगाया कि हरिद्वार में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आम उपभोक्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से बिलों में सरचार्ज वसूली, अघोषित बिजली कटौती और कथित अवैध छापेमारी को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने हरिद्वार में तैनात एसडीओ अनीता सैनी की लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनाती का मुद्दा भी उठाया। हेमा भंडारी ने आरोप लगाया कि लाइनमैन इरफान की बहाली और उसकी तैनाती को लेकर भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों को लेकर पूर्व में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक को शिकायतें दी गईं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
पार्टी की ओर से इन मामलों की जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उत्तराखंड के नाम जिलाधिकारी हरिद्वार के माध्यम से ज्ञापन भी प्रेषित किया गया। ज्ञापन में बिलों में सरचार्ज के नाम पर अतिरिक्त वसूली की जांच, अघोषित बिजली कटौती पर रोक, छापेमारी की कार्रवाई की जांच तथा एसडीओ की लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनाती के संबंध में जांच की मांग की गई।
इसके अलावा प्रबंध निदेशक, यूपीसीएल देहरादून को पूर्व में दी गई शिकायतों पर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने और लाइनमैन की बहाली प्रक्रिया से संबंधित शिकायत की भी जांच कराने की मांग की गई।
पार्टी ने पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराकर यदि अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार स्थानांतरण किए जाने की मांग की।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव क़ुर्बान अली, प्रवक्ता जमाल अख्तर, मुस्तकीन शाहरुख सहित पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


