फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत गंगनहर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को पनियाला चंदापुर निवासी विशाल पुत्र प्रवीण कुमार ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से फायर किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 376/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने साहिब पुत्र दिलदारा, निवासी पनियाला चंदापुर, कोतवाली गंगनहर को 1 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 28 सितंबर को मेले में विशाल और उसके भाइयों के बीच हाथापाई हुई थी, जिसमें उसके भाई को चोट लगी थी। आरोपी के अनुसार, इसी विवाद को लेकर उसने बाद में विशाल पर फायर किया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा घटना में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव, व0उ0नि0 धर्मेन्द्र राठी, उ0नि0 संतोष सेमवाल, हे0का0 अरविंद कुमार, कांस्टेबल नितिन, प्रभाकर, संजय, देवेश, आशीष शर्मा (सीआईयू रुड़की) एवं कांस्टेबल महिपाल (सीईयू रुड़की)।

Share.
Leave A Reply