फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। घर से बिना बताए निकले और करीब 15 दिनों से लापता चल रहे एक बालक को हरिद्वार पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालक के सकुशल मिलने की सूचना पर उसकी बुजुर्ग दादी तत्काल हरिद्वार पहुंचीं। पोते को सामने देखकर उनकी आंखें भर आईं और उन्होंने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा-निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक रुड़की/नोडल AHTU सुश्री ओशिन जोशी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र रमोला के नेतृत्व में AHTU टीम द्वारा लापता बालक की तलाश की गई। टीम ने हर की पैड़ी क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों से बालक को सकुशल रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी बालक अजमल (काल्पनिक नाम) करीब 15 दिन पूर्व घर से नाराज होकर बिना बताए निकल गया था और ट्रेन के माध्यम से हरिद्वार पहुंच गया था। यहां वह दयनीय स्थिति में पाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे अपने संरक्षण में लिया।
बालक के परिजनों की जानकारी जुटाने के बाद AHTU टीम ने परिवार से संपर्क किया। बाल कल्याण समिति हरिद्वार के अध्यक्ष प्रिय बंधु से समन्वय करते हुए आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कराई गई। वीडियो कॉल के माध्यम से बालक की दादी और बहन से काउंसलिंग भी कराई गई। इसके बाद बालक को उसकी दादी के सुपुर्द कर दिया गया।
बालक की दादी ने बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह कुछ समय से उनके साथ रह रहा था। करीब 15 दिन पहले उन्होंने दवाई लाने के लिए उसे 300 रुपये दिए थे, लेकिन वह दवाई लेकर वापस घर नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिवार चिंतित हो गया।
हरिद्वार पुलिस से फोन पर बालक के हरिद्वार में सकुशल मिलने की सूचना मिलने पर दादी अपनी बेटी के साथ तत्काल हरिद्वार पहुंचीं। पोते को सकुशल देखकर वह भावुक हो गईं और लड़खड़ाती आवाज में बार-बार हरिद्वार पुलिस का धन्यवाद करती रहीं।
उन्होंने कहा कि “हरिद्वार पुलिस का हार्दिक आभार, धन्यवाद हरिद्वार पुलिस।”
AHTU हरिद्वार टीम
1. म0का0 शशिबाला
2. का0 दीपक
3. का0 चालक दीपक।


