फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में हुए हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट बरामद की है। मामले में एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शान्तरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 326/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इस्तकार थाना फतेहपुर क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर क्षेत्र में छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर इस्तकार उर्फ इस्तयाक (24) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी द्वारा पुलिस को मुखबिरी किए जाने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। आरोपी के मुताबिक, इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट बरामद की है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, व0उ0नि0 अशोक सिरसवाल, उ0नि0 विकास रावत, उ0नि0 अजय कुमार, उ0नि0 हेमदत्त भारद्वाज, हे0का0 राजवर्धन, कानि0 विकास थापा एवं कानि0 सतेन्द्र चौधरी।


