फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल फोन और पर्स लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को अन्नेकी हेतमपुर, रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि रानीपुर रो नदी के पास चार अज्ञात युवकों ने तमंचे के बल पर उनकी पल्सर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ करते हुए आरोपियों की पहचान के प्रयास किए।
जांच के दौरान पुलिस ने दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को नवोदय स्कूल के सामने पीठ मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 23 सितंबर को थाना रायपुर, देहरादून क्षेत्र में एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से वे हरिद्वार आए थे। अगले दिन उन्होंने अपने साथियों के साथ पेंटागन मॉल के पीछे नदी किनारे शराब पी। पैसों की कमी होने पर उन्होंने कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को तमंचे के बल पर रोककर बाइक, मोबाइल और पर्स लूट लिया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके दो अन्य साथी लूटी गई बाइक और मोबाइल बेचने के लिए गए हैं, जो अभी वापस नहीं लौटे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम: थानाध्यक्ष अजय शाह, व.उ.नि. प्रवीण बिष्ट, उ.नि. इंद्रजीत सिंह राणा, उ.नि. अनिल बिष्ट, हे.कां. संजय और कां. मनीष कुमार।
Add A Comment


