फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 55 नशीले कैप्सूल और 40 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की हैं। कार्रवाई औषधि निरीक्षक की मौजूदगी में की गई।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति रुक्मणी गार्डन, राजलोक कॉलोनी क्षेत्र में मजदूरों को नशीली गोलियां बेचने के लिए पहुंचने वाला है। सूचना पर ज्वालापुर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर औषधि निरीक्षक हरीश सिंह को भी कार्रवाई की जानकारी दी।
मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान के आसपास पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान सीफील्ड स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद सैफ अली पुत्र नफीस निवासी ग्राम सराय, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 55 नशीले कैप्सूल (Dicyclomine Hydrochloride/Tramadol Hydrochloride/Acetaminophen) तथा 40 टैबलेट Alprazolam 0.5 mg बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 657/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में प्रभारी चौकी बाजार उपनिरीक्षक पुष्कर चौहान, कांस्टेबल अंकुर चौधरी, कांस्टेबल दिनेश कुमार तथा औषधि निरीक्षक हरीश सिंह शामिल रहे।
Add A Comment


