फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कनखल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 32 किलो अवैध गांजे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजे की खेप को कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने बरामद गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में पैक किया हुआ पाया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 सितंबर को कनखल पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर पैदल आ रहे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस टीम ने रोककर उनकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो ट्रॉली बैग और एक सफेद रंग के कट्टे में टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें करीब 32 किलो अवैध गांजा पाया गया। पुलिस के मुताबिक गांजे को लगभग एक-एक किलो के छोटे पैकेटों में तैयार कर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस और आम लोगों की नजरों से बचने के लिए आरोपियों ने कपड़ों के ट्रॉली बैग का इस्तेमाल किया था।
बरामदगी के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कनखल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ के साथ विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह रावत, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन अधिकारी, हेड कांस्टेबल 188 प्रमोद शर्मा, कांस्टेबल 1312 रणजीत सिंह और कांस्टेबल 1185 गजय तोमर।


