फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सिडकुल पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास कर रहे एक शातिर आरोपी को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई कुल नौ मोटरसाइकिलें और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को किरवी चौक पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही उसने बाइक वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन अचानक टायर फिसलने से वह सड़क पर गिर गया। पुलिस टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया।

पूछताछ और बाइक के इंजन नंबर, चेसिस नंबर व वाहन संख्या की जांच में पता चला कि बरामद बाइक चोरी की है और इसके संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री के अंदर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई आठ अन्य मोटरसाइकिलें और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स भी बरामद किए।

जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों को बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपाकर रखा जाता था। पुलिस अब फरार साथी की तलाश में जुटी है।

कई मुकदमों में आरोपी है श्रवण

गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र रमेश, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, हरिद्वार, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हरिद्वार, देहरादून और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी कोतवाली लक्सर और थाना देवबंद से गैंगस्टर एक्ट में भी निरुद्ध रह चुका है।

बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करेगी।

बरामदगी

09 मोटरसाइकिल

01 मोटरसाइकिल के पार्ट्स

पुलिस टीम

थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक, संजय व सोहन राणा, कांस्टेबल प्रमोद गोस्वामी व रिपेंद्र कैंतुरा तथा होमगार्ड आफताब मलिक शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply