फुरकान अंसारी
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार सुबह जिलेभर में हरिद्वार पुलिस ने व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया। अभियान के तहत पुलिस की टीमें गली-मोहल्लों और विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के पहचान-पत्र और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
पुलिस टीमें जमीनी स्तर पर लगातार सक्रिय रहते हुए किराएदारों, कर्मचारियों तथा अन्य बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की स्थिति की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि सत्यापन अभियान का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने घर, दुकान या प्रतिष्ठान में रहने वाले किराएदारों एवं कर्मचारियों का समय से पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। सत्यापन के दौरान पुलिस का सहयोग करें और संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस के अनुसार, समय पर सत्यापन होने से संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने तथा अपराध की रोकथाम में मदद मिलती है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में आमजन का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है।

