फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत ज्वालापुर पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को रमाकांत शुक्ला निवासी बसंत विहार फेस-2, थाना कनखल ने कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर बताया था कि सराय रोड ज्वालापुर में उनकी कार का शीशा तोड़कर डैशबोर्ड पर रखा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 2,000 रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 645/2026 दर्ज किया गया।
घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चन्द्रभान सिंह अधिकारी ने थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की गई।
पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान 12 सितंबर को शंकर पुत्र बहादुर निवासी ग्राम सराय, कोतवाली ज्वालापुर और समीर पुत्र तनवीर निवासी ग्राम सराय, कोतवाली ज्वालापुर को लालपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया।
बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम में
– उप निरीक्षक पुष्कर चौहान, प्रभारी चौकी बाजार
– कांस्टेबल बृजमोहन
– कांस्टेबल मनोज डोभाल
– कांस्टेबल रवि कुमार
– कांस्टेबल रणवीर चौहान।


