फुरकान अंसारी।
भगवानपुर। थाना भगवानपुर क्षेत्र में तमंचे के बल पर हुई लूट की वारदात का हरिद्वार पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया OPPO F29 Pro मोबाइल फोन, एक हजार रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को मनीराम पुत्र चांद सिंह, निवासी डेलना, थाना झबरेड़ा, हरिद्वार ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने तमंचा दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और उनका OPPO F29 Pro मोबाइल फोन तथा 2,420 रुपये नकद लूट लिए। तहरीर के आधार पर भगवानपुर थाने में मु0अ0सं0 380/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और वारदात के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के दिशा-निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और उससे जुड़े आने-जाने वाले मार्गों के डिजिटल फुटप्रिंट जुटाकर उनका विश्लेषण किया। साथ ही क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद 10 सितंबर 2026 को लूट की घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों पहला निवासी माधोपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार,दूसरा निवासी सिरचन्दी, थाना भगवानपुर तथा फैजान पुत्र इरफान निवासी सिकन्दरपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 3(5), 61, 317(2) बीएनएस तथा 3/25(1-B)(A) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान
– OPPO F29 Pro मोबाइल फोन
– 1,000 रुपये नकद
– घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UK17Z-3041
– एक देशी तमंचा 315 बोर
– एक जिंदा कारतूस
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक मुकेश नौटियाल, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, हेड कांस्टेबल अरविन्द तोमर, कांस्टेबल राजेन्द्र वर्मा, कांस्टेबल सन्दीप राणा, कांस्टेबल उवैद एवं कांस्टेबल रविन्द्र राणा शामिल रहे।


