फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में बारिश के दौरान नाले के तेज बहाव में बही छह वर्षीय मासूम विधिका का शव करीब 30 घंटे बाद रानीपुर क्षेत्र में गैस प्लांट के पास बरामद हुआ। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर बच्ची की तलाश में जुटी थीं।
स्थानीय ग्रामीणों ने नाले के पास शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर रानीपुर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। परिजनों ने शव की शिनाख्त विधिका के रूप में की।
बताया गया कि 7 सितंबर को रावली महदूद में दो बच्चियां नाले के तेज बहाव में बह गई थीं। सात वर्षीय हिमानी को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि विधिका पानी के बहाव में लापता हो गई थी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव टीमों ने करीब 30 घंटे तक लगातार अभियान चलाया। कई स्थानों पर जेसीबी से मलबा भी हटाया गया।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।


