फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस ने पड़ोसी से मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को शिवालिक नगर निवासी मोहित चौधरी ने तहरीर देकर बताया था कि ड्यूटी पर जाते समय सेक्टर-5बी खोखा मार्केट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौज और लाठी-डंडों व बेल्ट से मारपीट की। आरोपियों ने उसे पांच लाख रुपये देने तथा जान से मारने की धमकी भी दी थी। मामले में कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सुरागरसी-पतारसी की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 4 सितंबर को न्यू टिहरी विस्थापित आर्मी ग्राउंड, गुजर बस्ती से चार आरोपियों हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान, आकाश, ऋषभ और हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोहित चौधरी के पड़ोसी संदीप वर्मा ने उन्हें मोहित के साथ मारपीट कर डराने के लिए कहा था। आरोपियों के अनुसार, संदीप ने इसके लिए उन्हें तीन हजार रुपये भी दिए थे। इसके बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिलों से मोहित का पीछा कर सेक्टर-5 के पास उसे रोककर मारपीट की और उसकी बुलेट की चाबी लेकर जंगल में फेंक दी।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली हैं। मामले में पांचवें आरोपी की तलाश सहित अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक मन्दीप सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, प्रेम सिंह एवं महेंद्र सिंह।


