फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली श्यामपुर पुलिस और CIU हरिद्वार की संयुक्त टीम ने ‘मगध साइबर गैंग’ के ऋषिकेश नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार, कोतवाली श्यामपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 100/2026 में वांछित आरोपी सागर पाण्डेय, मूल निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश), ऋषिकेश में रहकर गैंग के लिए काम कर रहा था। डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने चंद्रेश्वर रोड, मायाकुंड ऋषिकेश में घेराबंदी कर उसे काले रंग की स्कूटी समेत गिरफ्तार कर लिया।

 

18 बैंक खाते गैंग को उपलब्ध कराने का खुलासा

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ‘मगध साइबर गैंग’ के पूर्व में गिरफ्तार मुख्य सरगना कृष्णा पाण्डेय के संपर्क में था। वह पैसों का लालच देकर लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाता और इन म्यूल अकाउंट्स को साइबर ठगी की रकम मंगाने के लिए गैंग को उपलब्ध कराता था। आरोपी ने विशाल और श्याम नाम के व्यक्तियों के कुल 18 बैंक खाते गैंग को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की, जिसके बदले उसे मोटा कमीशन मिलता था।

 

गिरफ्तारी के डर से डिलीट की थीं चैट और कॉल रिकॉर्ड

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को जब अपने पांच साथियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिली तो उसने पकड़े जाने के डर से मोबाइल से व्हाट्सऐप चैट, कॉल रिकॉर्ड और साथियों के नंबर डिलीट कर दिए। हालांकि, तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल की गैलरी से विशाल के नाम दर्ज बैंक खाते की फोटो सहित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए।

 

बरामदगी: एक रियलमी मोबाइल फोन तथा बैंक खातों और चैट से संबंधित रिकवर्ड डिजिटल दस्तावेज।

 

गिरफ्तार आरोपी: मूल निवासी ग्राम सिकंदरपुर, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी मायाकुंड, ऋषिकेश।

 

पुलिस टीम: थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, चौकी प्रभारी चंडीघाट उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर, कांस्टेबल विनित कुमार, राहुल देव तथा CIU हरिद्वार के कांस्टेबल वसीम।

Share.
Leave A Reply