फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के नवोदय नगर में मुख्य मार्ग की जर्जर हालत और जल निकासी की अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा के नेतृत्व में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क की मरम्मत कराने और अवरुद्ध जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि नवोदय नगर क्षेत्र में करीब 9-10 हजार परिवार निवास करते हैं। मुख्य मार्ग से बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग, स्कूली बच्चे और स्थानीय व्यापारी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। पिछले 2-3 वर्षों से मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भरने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई स्थानों पर जलभराव बना रहता है, जिससे सड़क और अधिक खराब हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क की बदहाली और जलभराव से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाजार के व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मार्ग की शीघ्र मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे और सड़क व जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, एससी विभाग के प्रदेश कोऑर्डिनेटर अक्षय नागपाल, ओबीसी विभाग के विधानसभा अध्यक्ष नंद लाल यादव, मंडलम अध्यक्ष संदीप भार्गव, ओबीसी विभाग के जिला उपाध्यक्ष मनीष पटेल, जिला उपाध्यक्ष तुषार सक्सेना, जिला सचिव वासु नौडियाल, अंकुल गुप्ता, कृष्णा यादव आदि शामिल रहे।


