फुरकान अंसारी।
ज्वालापुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत ज्वालापुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का एटीएम कार्ड समेत आठ एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, 8,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को कटहरा बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर वरिष्ठ नागरिक महेंद्र सिंह निवासी मोहल्ला कड़छ का एटीएम कार्ड धोखे से लेकर आरोपी फरार हो गए थे। इसके बाद उनके खाते से 13,200 रुपये निकाल लिए गए। मामले में ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू की। 25 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियो को चेक किया। वाहन में सवार दो संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने प्रतापगढ़ से आकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहनूर पुत्र भूरान निवासी जलालपुर दादा, भगवानपुर, हरिद्वार और शफीक पुत्र रईस निवासी महुली, थाना कोतवाली नगर, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शाहनूर पूर्व में एनडीपीएस के मामले में तथा शफीक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा, उपनिरीक्षक समीप पांडेय, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।


