फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स के आगाज के मौके पर बृहस्पतिवार को 6 रबीउल अव्वल के अवसर पर मुस्लिम संस्था अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी की ओर से दरगाह साबिर पाक में अकीदत के साथ चादरपोशी की गई। सोसायटी के पदाधिकारियों ने चादर एवं अकीदत के फूल पेश कर मुल्क में अमनो-अमान, आपसी भाईचारे, खुशहाली और सलामती की दुआ मांगी।

 

सोसायटी के अध्यक्ष हाजी सफी खान ने बताया कि संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष उर्स की 6 तारीख को साबिर पाक की दरगाह पर पूरी अकीदत और श्रद्धा के साथ चादर पेश की जाती है। उन्होंने कहा कि साबिर पाक की दरगाह से हमेशा प्रेम, इंसानियत, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश मिलता है।

 

सोसायटी के नायब सदर हाजी जमशेद खान ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की हरसंभव सहायता करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि सोसायटी पिछले करीब 36 वर्षों से सूफीमत की प्रेम और भाईचारे की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए समाज में आपसी सद्भाव, इंसानियत और सामाजिक एकता का संदेश देती आ रही है। संस्था द्वारा धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक एवं जनहित के कार्य भी लगातार किए जा रहे हैं।

 

इस अवसर पर हारून खान की ओर से दरगाह साबिर पाक में चांदी का ताला भी अकीदत के साथ पेश किया गया। हारून खान ने कहा कि यह ताला साबिर पाक के प्रति उनकी श्रद्धा और अकीदत का प्रतीक है। उन्होंने मुल्क में शांति, खुशहाली और भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ की।

 

इस दौरान संस्था के नायब सदर, ज्वालापुर ईदगाह कमेटी सदर हाजी जमशेद खान, सचिव राहिल कुरैशी, यावर मियां, आलम सैफी, हारून खान, नौशाद, जैनुल, शाहिद, मुनव्वर कुरैशी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply