फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कोतवाली कनखल पुलिस ने मृतक व्यक्ति का प्रतिरूपण कर उसे जीवित दर्शाते हुए कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को शशांक त्यागी पुत्र विरेन्द्र, निवासी अवंतिका चिरंजीव विहार, थाना कविनगर, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश ने कोतवाली कनखल में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता, निवासी आशुतोष विहार, जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार ने अपने साथियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर मृतक विनोद कुमार का प्रतिरूपण किया।
आरोप है कि आरोपियों ने मृतक विनोद कुमार को जीवित दर्शाते हुए जमीन से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उन्हें असली दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल कर धोखाधड़ी के माध्यम से भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर कोतवाली कनखल में मु0अ0सं0 262/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 319(2) बीएनएस की भी पुष्टि हुई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेश, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए 17 अगस्त 2026 को मुकदमे में नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को हिरासत में ले लिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस टीम में शामिल
– व0उ0नि0 अनुज सिंह
– उ0नि0 नरेन्द्र सिंह
– हे0का0 जसबीर चौहान
– कानि0 प्रलव चौहान की कार्रवाई।


