फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कांवड़ मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले कांवड़ियों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रजत शहरी एवं ग्रामोत्थान संस्थान, हरिद्वार द्वारा मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) के माध्यम से चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यह सेवा पैनासोनिक लाइव सॉल्यूशंस इंडिया के वित्तीय सहयोग तथा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, हरिद्वार के समन्वय से संचालित की जा रही है।
कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु लंबी दूरी पैदल तय करते हैं। ऐसे में थकान, डिहाइड्रेशन, चोट, बुखार सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए MMU की मेडिकल टीम मौके पर ही प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रही है।
संस्था की मेडिकल टीम द्वारा कांवड़ियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयां एवं प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके और छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए उन्हें अस्पताल जाने की आवश्यकता न पड़े।
अब तक 4500 से अधिक कांवड़िए रजत शहरी एवं ग्रामोत्थान संस्थान की मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। कांवड़ मेले के दौरान संस्था की टीम लगातार विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं प्रदान कर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
संस्था की अध्यक्षा कनिका शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना संस्था के लिए सामाजिक दायित्व के साथ-साथ मानव सेवा का भी महत्वपूर्ण कार्य है। हमारा प्रयास है कि यात्रा के दौरान किसी भी कांवड़िए को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर उसे तत्काल आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

