फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 31 जुलाई। हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित जटवाड़ा पुल के पास शुक्रवार दोपहर गंगनहर में स्नान के दौरान चार कांवड़ियों के डूबने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस, जल पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ से आए करीब 17 कांवड़ियों का दल गंगाजल भरने के बाद गंगनहर में स्नान कर रहा था। इसी दौरान एक किशोर गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए तीन अन्य साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों पानी में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद चारों किशोरों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है तथा परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
मृतकों की पहचान शिवांशु (16) पुत्र पवन सिंह, नीतेश पुत्र राजेश, भरत पुत्र हरीश (सेक्टर-16, चंडीगढ़) तथा रोहित पुत्र भवानी प्रजापति (सेक्टर-26, चंडीगढ़) के रूप में हुई है।
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि चारों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गंगनहर में बने गहरे गड्ढे हादसे का कारण बने।


