फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,30 जुलाई । सावन कांवड़ मेला-2026 का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा के साथ हो चुका है। धर्मनगरी हरिद्वार में देशभर से लाखों कांवड़िए एवं श्रद्धालु पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर गंगाजल भर रहे हैं, जिसे वे शिवरात्रि पर अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए लेकर जाएंगे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस, विशेषकर यातायात पुलिस, पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटी हुई है। यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी दिन-रात विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर तैनात रहकर कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध करा रहे हैं। भीड़ प्रबंधन, मार्गदर्शन और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के माध्यम से यातायात पुलिस श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

यातायात पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ट्रैफिक वॉलिंटियर्स, महिला वॉलिंटियर्स तथा क्षेत्रीय स्थानीय एसपीओ भी पूरी निष्ठा और सेवा भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। गुरु पूर्णिमा से ही ट्रैफिक वॉलिंटियर्स ने पूरे जनपद में अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट संभाल लिए हैं। उनका एक ही उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु और कांवड़िया सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंचे तथा किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।

हरिद्वार के ट्रैफिक वॉलिंटियर्स अपने अनुशासन, सेवा भावना और मानवीय कार्यों के लिए पूरे प्रदेश में सराहे जाते हैं। ड्यूटी के दौरान वे न केवल यातायात संचालन में सहयोग करते हैं, बल्कि घायल एवं असहाय यात्रियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, उन्हें आवश्यक सहायता देने तथा कई बार अपने निजी खर्च पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने का भी सराहनीय कार्य करते हैं। सावन मास के दौरान वे पूरे समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शासन-प्रशासन के विश्वसनीय सहयोगी की भूमिका निभाते हैं।

ट्रैफिक वॉलिंटियर्स गुरुकुल नारसन से लेकर शांतिकुंज हरिद्वार तक विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात होकर यातायात पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में योगदान दे रहे हैं।

इस सेवा कार्य में मुख्य रूप से धर्मेंद्र विश्नोई, राजकुमार वाधवा, मोनू शर्मा, विजय कुमार बंसल, भानु पांडे, यश तालियान, नवीन शर्मा, कपिल मेहता, फुरकान अंसारी, कमल अग्रवाल, प्रिंस अग्रवाल, सचिन गर्ग, भूषण सुनेजा, राकेश खन्ना सहित अन्य ट्रैफिक वॉलिंटियर्स अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Share.
Leave A Reply