फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 28 जुलाई। नगर निगम हरिद्वार की वार्ड संख्या-42 (ज्वालापुर) की पार्षद श्रीमती कृतिका सिंह की ओर से पर्यावरण मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य सुविधाओं को लेकर मंगलवार को नगर आयुक्त को छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। पार्षद पति एवं सामाजिक कार्यकर्ता इंजीनियर मयंक सिंह ने महापौर पति सुभाष जैसल की उपस्थिति में यह ज्ञापन सौंपते हुए पर्यावरण मित्रों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में सफाई कर्मचारियों को ठेकेदारों द्वारा निम्न गुणवत्ता की झाड़ू उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसके कारण उन्हें अपने वेतन से हर माह ₹1,500 से ₹2,000 तक खर्च कर स्वयं झाड़ू बनवानी पड़ रही है। मांग की गई कि नगर निगम सभी कर्मचारियों को मानक एवं उच्च गुणवत्ता की झाड़ू उपलब्ध कराए।

इसके अलावा कर्मचारियों को संक्रमण से बचाने के लिए मजबूत वाटरप्रूफ एवं केमिकल-रेसिस्टेंट दस्ताने, सुरक्षा गमबूट, मानसून के दौरान उपयोग के लिए टिकाऊ रेनकोट, डिजिटल पहचान पत्र, ‘नगर निगम हरिद्वार’ अंकित आधिकारिक कैप तथा रेडियम युक्त रिफ्लेक्टिव जैकेट उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में नालियों की सफाई के लिए पुराने व क्षतिग्रस्त उपकरणों के स्थान पर नए फावड़े, लोहे के तसले और आधुनिक लॉन्ग-हैंडल सिल्ट स्कूप्स उपलब्ध कराने तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए प्रत्येक तीन माह में नगर निगम परिसर में साप्ताहिक अवकाश (बुधवार) के दिन अनिवार्य स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर महापौर पति सुभाष जैसल एवं इंजीनियर मयंक सिंह ने कहा कि पर्यावरण मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्हें सुरक्षित कार्य वातावरण, आवश्यक सुरक्षा उपकरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराना नगर निगम का नैतिक दायित्व है।

नगर आयुक्त ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए पर्यावरण मित्रों के हित में मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Share.
Leave A Reply