फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 23 जुलाई 2026। पतंजलि योगपीठ के निकट सुरक्षा एनक्लेव, अहमदपुर ग्रांट एवं सहदेवपुर क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा के कारण उत्पन्न हो रही जलभराव की समस्या के समयबद्ध एवं स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

        बैठक में पतंजलि योगपीठ के समीप स्थित संबंधित क्षेत्रों में जलभराव की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों से वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई।

             अपर जिलाधिकारी ने सुरक्षा एनक्लेव क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सिंचाई विभाग, रुड़की को पंपिंग स्टेशन निर्माण हेतु  (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि डीपीआर तैयार होने के उपरांत हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही सिंचाई विभाग, रुड़की को लगभग 700 मीटर नाला निर्माण के लिए भी डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए।

         उन्होंने निर्देशित किया कि जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक जल निकासी के लिए आवश्यक पंपों की व्यवस्था पूर्व की भांति तहसील रुड़की द्वारा सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

            अपर जिलाधिकारी ने अहमदपुर ग्रांट एवं सहदेवपुर क्षेत्र में जल निकासी से संबंधित कार्यों के लिए तहसील रुड़की, तहसील हरिद्वार तथा सिंचाई विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार रुड़की एवं तहसीलदार हरिद्वार को निर्देशित किया कि जल निकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई करें तथा जहां भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता हो, वहां सिंचाई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

              उन्होंने सिंचाई विभाग को चैनलाइजेशन, पुलिया निर्माण, नालों की सफाई तथा जल निकासी से संबंधित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी विस्तृत (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए।

            अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ इन कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करें, ताकि भविष्य में वर्षा के दौरान क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

             बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, तहसीलदार विकास अवस्थी, एसडीओ यूपी सिंचाई विभाग भारत भूषण, सहायक अभियंता शिव कुमार, लोक निर्माण विभाग के अपर अभियंता प्रतीक अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply