फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,15 जुलाई। थाना पथरी क्षेत्र में महिला के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से, बैटरी तथा पीड़िता से लूटे गए झुमके बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की रात महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान चार आरोपी तमंचे के बल पर घर में घुस आए और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसके कानों के झुमके लूटकर फरार हो गए। मामले में 8 जुलाई 2026 को पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना पथरी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। 14 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की, जिसके आधार पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक अवैध चाकू, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए एक जोड़ी झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद की गई है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक उपेंद्र सिंह, उप निरीक्षक विपिन कुमार, उप निरीक्षक बबलू चौहान, महिला उप निरीक्षक शाहिदा परवीन सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share.
Leave A Reply