फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 11 जुलाई। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि वर्तमान में जनपद में मौसम बादलों से घिरा हुआ है तथा सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं सामान्य और नियंत्रण में हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

10 जुलाई को खानपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के पास तालाब में नहाते समय ग्राम लालचंदवाला निवासी 16 वर्षीय समद की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची SDRF टीम ने शव बरामद कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।

वहीं, सिडकुल थाना क्षेत्र में राजा बिस्कुट फैक्ट्री के पास ट्रक और बाइक की टक्कर में शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी 17 वर्षीय रिशु की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना सिडकुल पुलिस को दे दी गई।

रुड़की तहसील से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, लंढौरा की रविदास बस्ती में भारी बारिश के चलते एक मकान की दीवार धंसने से छत गिर गई। हादसे में शाहिस्ता (25), आयशा (10), अलतमास (35) और गरीवनी (70) घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है।

इधर, 11 जुलाई को खानपुर क्षेत्र में बाणगंगा नदी के बीच कुछ ग्रामीण और उनके मवेशी फंस गए थे। सूचना मिलते ही आपदा मित्र कुलदीप कुमार और ओमप्रकाश ने साहस का परिचय देते हुए सभी ग्रामीणों और उनके मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

लोक निर्माण विभाग (PWD) और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के अधिकारियों के अनुसार जनपद के सभी प्रमुख मार्ग, संपर्क मार्ग और पुल सुरक्षित हैं तथा यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुग्रह सहायता राशि और अन्य आवश्यक सहायता बिना विलंब उपलब्ध कराई जाए।

Share.
Leave A Reply