फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 6 जुलाई। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र हरिद्वार में सोमवार को छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव तथा अपर पुलिस अधीक्षक सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र अनुषा बडोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एडीजी ए.पी. अंशुमन ने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। ऐसे विशाल आयोजन में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस बल का प्रशिक्षित और दक्ष होना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, आपदा एवं आपातकालीन योजना, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीकों के उपयोग, जनसंपर्क, महिलाओं और दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश देवली और सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल भी अपने अनुभव साझा करेंगे।

एडीजी ने प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ ग्रहण करें तथा कुंभ मेला ड्यूटी के दौरान उसका प्रभावी उपयोग करें। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, प्रशिक्षकों और प्रशिक्षणार्थियों ने कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने का संकल्प लिया।

Share.
Leave A Reply