फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,07 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रुड़की क्षेत्र में एक संदिग्ध कार से 980 ग्राम हेरोइन बरामद करते हुए पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को सघन चेकिंग अभियान के दौरान लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक पर पुलिस टीम को संदेह हुआ। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में प्लास्टिक की पन्नी में रखी 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह निवासी (पंजाब) के रूप में हुई है।

इस संबंध में कोतवाली गंगनहर में मु.अ.सं. 249/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के लिए लाया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल खरीददारों और सप्लायरों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल यूनुस बेग, हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी, कांस्टेबल देवेश सिंह और कांस्टेबल नितिन कुमार की टीम ने अंजाम दिया।

Share.
Leave A Reply