लोकेश कुमार पत्रकार 

लक्सर। लक्सर क्षेत्र के ग्राम बाकरपुर में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशाल मगरमच्छ तालाब से निकलकर एक ग्रामीण के घर में घुस गया। अचानक घर के अंदर मगरमच्छ दिखाई देने से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

 

जानकारी के अनुसार, ग्राम बाकरपुर निवासी काला पुत्र फूल सिंह के घर के पास स्थित तालाब से रात करीब 10 बजे मगरमच्छ निकलकर घर में पहुंच गया। मगरमच्छ को देखते ही परिवार के सदस्य घबरा गए और शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही लक्सर वन विभाग की रेस्क्यू टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। टीम ने पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया और उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

 

रेस्क्यू अभियान में वन विभाग के सुमित कुमार, गुरजंट सिंह और भोपाल सिंह की अहम भूमिका रही। उनकी तत्परता के चलते कोई जनहानि नहीं हुई और मगरमच्छ को भी सुरक्षित बचा लिया गया।

 

वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में तालाब, नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। यदि कहीं मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो स्वयं पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

Share.
Leave A Reply