फुरकान अंसारी।

हरिद्वार/लक्सर। ग्राम रणसुरा में जानलेवा फायरिंग के मामले में हरिद्वार पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी जाहिद पुत्र यासीन निवासी ग्राम रणसुरा को कोतवाली लक्सर पुलिस ने सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 को गुफरान पुत्र मुर्सलीन निवासी ग्राम रणसुरा ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इस संबंध में कोतवाली लक्सर में मुकदमा संख्या 450/2026 संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड अनीश को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी जाहिद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। न्यायालय के आदेश पर उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया और गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी भी कराई गई। इसके बावजूद वह पुलिस की गिरफ्त से ज्यादा दिन तक नहीं बच सका।

29 जून 2026 को पुलिस टीम ने गांव रणसूरा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी, हेड कांस्टेबल रियाज अली और हेड कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply