लोकेश कुमार पत्रकार
लक्सर। लक्सर पुलिस ने बंद मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पानी की मोटर और सरिया के टुकड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार ढाढेकी ढाणा मजाहिदपुर निवासी चंद्रशेखर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जून की रात अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर पानी की मोटर और अन्य सामान चोरी कर ले गए। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मैनुअल और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए 28 जून को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सलीम (22) निवासी वार्ड-8 लक्सर और दीपक (19) निवासी वार्ड-1 लक्सर नशे की लत और निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए दिन में बंद घरों की रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं।
लक्सर कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है।


