फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। ज्वालापुर में मुहर्रम के अवसर पर ताजिया जुलूस निकाला गया। पैगंबर मुहम्मद साहब के नवासे हज़रत इमाम हुसैन की शहादत की याद में निकाले गए इस जुलूस में अकीदतमंदों ने ‘अलम’ और ताजियों के साथ पैदल चलकर नौहाख्वानी की। वहीं, युवाओं द्वारा पारंपरिक अखाड़ा खेलों और विभिन्न करतबों का प्रदर्शन भी किया गया।
जुलूस के दौरान इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की कुर्बानी, सत्य, इंसाफ और मानवता के संदेश को याद किया गया। जुलूस ज्वालापुर के मुख्य मार्गों और विभिन्न क्षेत्रों से होकर अहबाब नगर चौक के समीप स्थित कर्बला पहुंचा, जहां ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल के साथ-साथ खुफिया तंत्र भी पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद रहा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


