फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,26/06/2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने गौकशी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 120 किलोग्राम गौमांस तथा गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 की शाम कलियर पुलिस टीम गश्त के दौरान कलियर गांव क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जंवाईखेड़ा गांव में एक मकान की छत पर बने कमरे में अवैध रूप से गौकशी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दबिश दी।

पुलिस कार्रवाई के दौरान चार आरोपी मौके से गौमांस और उपकरण छोड़कर फरार हो गए, जबकि दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने लगभग 120 किलोग्राम गौमांस के साथ एक चापड़, दो छोटी कुल्हाड़ियां और एक लकड़ी का गुटका बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहीद कुरैशी पुत्र मंजूर निवासी जंवाईखेड़ा, पिरान कलियर तथा शानू कुरैशी पुत्र फतेह मोहम्मद निवासी तेलियान मस्जिद के पास, पिरान कलियर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पिरान कलियर में उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गौकशी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुंदन सिंह, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल नीरज राणा, होमगार्ड अंकित कुमार तथा होमगार्ड ललित कुमार शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply