फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 24 जून। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली ज्वालापुर में बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने की।

बैठक में मातमी अखाड़ों, ताजिया अखाड़ों के संचालकों, दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों ने सहभागिता की। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सभी से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाने की अपील की गई।

प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी ने उपस्थित लोगों को उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए कहा कि ताजिया एवं अखाड़ों के जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं तथा आवश्यक अनुमति नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय से समय रहते प्राप्त कर ली जाए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा उनकी जानकारी पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो, किसी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन किया जाए।

बैठक में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं अखाड़ा संचालकों ने आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Share.
Leave A Reply