लोकेश कुमार पत्रकार 

लक्सर। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वीडियो में पूर्व विधायक एक युवक से अभद्र भाषा में बातचीत करते नजर आ रहे हैं, जबकि युवक उनसे माफी मांगता दिखाई दे रहा है।

 

वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित परिवार भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के साथ लक्सर कोतवाली पहुंचा और पूर्व विधायक के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। भीम आर्मी जय भीम के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वायरल वीडियो में अभद्र व्यवहार स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

संगठन ने पुलिस प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो एसएसपी कार्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

 

मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मियां भी बढ़ गई हैं। फिलहाल पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share.
Leave A Reply