फुरकान अंसारी।

देहरादून,18/06/2026। उत्तराखण्ड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई गति देने वाली हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) परियोजना अब साकार होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक नमो भारत ट्रेन नेटवर्क के विस्तार पर उत्तराखण्ड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच सहमति बन गई है। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए जल्द ही सर्वे कार्य शुरू किया जाएगा।

गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन सेवा का संचालन शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लंबे समय से इस सेवा को उत्तराखण्ड तक विस्तारित करने की पैरवी कर रहे थे। हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर इस संबंध में प्रस्ताव सौंपा था। इसके बाद मोदीपुरम से ऋषिकेश तक ट्रेन विस्तार को सिद्धांततः मंजूरी मिल गई।

परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखण्ड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि एनसीआरटीसी ने भी अपना नोडल अधिकारी तैनात कर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार की सहमति मिलने के बाद अब लगभग 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित रेल कॉरिडोर के सर्वे और डीपीआर निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

प्रस्तावित योजना के अनुसार नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर के रास्ते उत्तराखण्ड में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह रेल मार्ग रुड़की, हरिद्वार और हर की पैड़ी होते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। कुल 150 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में लगभग 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखण्ड में होगा।

इस परियोजना के पूरा होने से उत्तराखण्ड आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को अत्याधुनिक एवं तेज परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश तक की यात्रा सड़क मार्ग से लगभग पांच से छह घंटे में पूरी होती है, जबकि 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यह सफर महज ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखण्ड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और एनसीआरटीसी के साथ निरंतर समन्वय बनाकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ा रही है। बेहतर रेल एवं परिवहन अवसंरचना के माध्यम से राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित करना सरकार की प्राथमिकता है।

Share.
Leave A Reply