फुरकान अंसारी।

देहरादून, 15 जून। जन अधिकार पार्टी (ज.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय, देहरादून में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन से मुलाकात कर प्रदेश में कानून व्यवस्था से जुड़े तीन महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील मामलों पर शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में शांति, कानून व्यवस्था तथा जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए निम्नलिखित मांगें रखीं—

1. विकासनगर हिंसा प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की मांग

पार्टी ने विकासनगर में हुई हिंसक घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मामले में नामजद एवं अज्ञात सभी आरोपियों की सात दिनों के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को पर्याप्त सुरक्षा एवं उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

पार्टी ने यह भी मांग की कि आपसी विवाद को सांप्रदायिक रंग देकर हिंदू-मुस्लिम तनाव फैलाने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

2. हरिद्वार में अवैध क्रॉस जेंडर स्पा एवं मसाज सेंटरों पर कार्रवाई

प्रतिनिधिमंडल ने हरिद्वार में क्रॉस जेंडर की आड़ में संचालित हो रहे कथित अवैध स्पा एवं मसाज सेंटरों का मुद्दा उठाते हुए इनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कर ऐसे प्रतिष्ठानों को बंद कराने की मांग की।

इस विषय को प्रमुखता से उठाने वाली पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती हेमा भण्डारी को लगातार मिल रही धमकियों का भी मामला ADG के समक्ष रखा गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने श्रीमती हेमा भण्डारी को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

इस पर ADG डॉ. मुरुगेशन ने आश्वासन दिया कि सुरक्षा संबंधी खतरे का मूल्यांकन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

3. लक्सर में जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार के मामले में जांच की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने लक्सर कोतवाली में तैनात एसएसआई नितिन चौहान द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कथित गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार के मामले को भी गंभीरता से उठाया।

पार्टी ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित किया जाए। पार्टी ने स्पष्ट कहा कि वर्दी की आड़ में किसी भी प्रकार की अभद्रता, मनमानी अथवा गुंडागर्दी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ADG ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन

अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रस्तुत सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में रहे उपस्थित

मुलाकात के दौरान जन अधिकार पार्टी (ज.) की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती हेमा भण्डारी, राष्ट्रीय सचिव तरुण कौशिक, लक्सर प्रभारी जमाल अख्तर, साकिर, मुसाकीम एवं खुशनसीब सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply