फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 12 जून 2026। नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी ने बताया कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय पदों हेतु लिखित प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 14 जून 2026 (रविवार) को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक एकल पाली में किया जाएगा।
जनपद हरिद्वार के 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा को नकल-विहीन, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS)-2023 की धारा 163 लागू की गई है।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि धारा-163 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास बिना पूर्व अनुमति पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन एवं अन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि, जिससे सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका हो, पूर्णतः निषिद्ध रहेगी।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में ध्वनि प्रदूषण, लाठी-डंडा, चाकू, तलवार, आग्नेयास्त्र, विस्फोटक अथवा ज्वलनशील पदार्थ लेकर चलने पर भी रोक रहेगी। परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की पाठ्य सामग्री, मोबाइल फोन, पेजर अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में केवल परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस बल को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि उक्त आदेशों का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की धारा 223 के अंतर्गत दंडनीय अपराध माना जाएगा। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों एवं आमजन से परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।

