फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 06 जून 2026।कनखल क्षेत्र में गंगा नदी के तेज बहाव के बीच एक टापू पर फंसी हरियाणा निवासी महिला का हरिद्वार पुलिस एवं जल पुलिस की टीम ने देर रात सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार श्री कृष्णा आश्रम, संन्यास रोड के पीछे गंगा नदी पार एक महिला के टापू पर फंसे होने की सूचना देर रात थाना कनखल पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गंगा नदी में पानी का बहाव अत्यधिक होने के चलते जल पुलिस टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
जल पुलिस कर्मियों ने नाव के माध्यम से नदी पार कर टापू तक पहुंचते हुए महिला का सुरक्षित रेस्क्यू किया और सकुशल बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद महिला को उपचार हेतु 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय भेजा गया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम मैमवती पत्नी लखन, उम्र लगभग 55 वर्ष, निवासी गैहरब, जनपद पलवल (हरियाणा) बताया। महिला ने अपने पुत्रों के नाम सुरेंद्र एवं मुकेश बताए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में बहकर उक्त टापू तक पहुंच गई थी।
फिलहाल महिला के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है तथा आवश्यक कार्रवाई जारी है।
हरिद्वार पुलिस एवं जल पुलिस की त्वरित सतर्कता और सूझबूझ के चलते महिला की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।


