फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,06/06/2026।हरिद्वार के जगजीतपुर वार्ड नंबर-57 क्षेत्र में शुक्रवार को बिजली विभाग की टीम पुलिस बल के साथ स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुराने मीटर बदलने का विरोध करते हुए स्मार्ट मीटर लगाने से साफ इंकार कर दिया। आरोप है कि विरोध के बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने लोगों के बिजली कनेक्शन काटने शुरू कर दिए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव वरुण बालियान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का घेराव किया। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए बिजली विभाग की टीम को वापस लौटना पड़ा।

इस दौरान वरुण बालियान ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि एक निजी कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार की जनता को एकजुट होकर सरकार और बिजली विभाग की नीतियों के खिलाफ आवाज उठानी होगी, ताकि लोगों के हितों की रक्षा की जा सके।

विरोध प्रदर्शन में प्रदीप कुमार, कमल राजपूत, अनिल सैनी, आकाश वालिया, देवेश बर्मन, महेश बर्मन, विनोद नौटियाल, सुनील चौधरी, गीता, शांति देवी, रेखा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply