फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,03/06/2026। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस लगातार यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुटी हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा ओवर स्पीड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को श्यामपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तेज गति से वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य यात्रियों और राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का बड़ा कारण बनता है। चारधाम यात्रा के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
हरिद्वार police ने सभी वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच रहे हैं, जिसके चलते हाईवे और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाएं और सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचें।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ओवर स्पीड और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


