फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,03/06/2026। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को राहुल पुत्र रमेश चंद निवासी ग्राम जमालपुर खुर्द ने ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई थी कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सूर्यांश पैकेजिंग फैक्ट्री क्षेत्र से चोरी हो गई है। वहीं 2 जून को आकाश निवासी महादेव पुरम फेस-2 और कामरान निवासी कोटरवान ज्वालापुर ने भी अपनी-अपनी स्प्लेंडर बाइक चोरी होने की शिकायत ऑनलाइन दर्ज कराई।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से 2 जून की रात औद्योगिक क्षेत्र चौराहे पर चेकिंग के दौरान आरोपी विकास कुमार पुत्र विजयपाल निवासी झबरपुर थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर (हाल निवासी रावली महदूद, थाना सिडकुल) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई चार मोटरसाइकिल बरामद कीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने थाना बहादराबाद क्षेत्र से भी एक बाइक चोरी की थी, जिसके संबंध में थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज पाया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी के 21 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, वीर सिंह, मंजीत राणा और प्रेम सिंह।


