फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,03/06/2026। देहरादून से दिल्ली-जयपुर जा रही महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो बस में बुधवार तड़के अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार बस संख्या MP44 ZC 6994 बुधवार सुबह करीब 4 बजे देहरादून से वाया ऋषिकेश दिल्ली-जयपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से करीब 200 मीटर पहले हरिद्वार-दिल्ली रोड पर पहुंची, तभी तकनीकी खराबी के चलते बस में अचानक आग लग गई।
बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल बताए गए हैं। आग लगते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया, लेकिन चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि यात्रियों का सामान बस में ही रह गया और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं रुड़की से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, जिसने पुलिस के साथ मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बस चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर और परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) ने प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इंजन में तकनीकी खराबी बताया है।
हरिद्वार पुलिस द्वारा सभी यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। यात्रियों ने समय पर सहायता और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने पर हरिद्वार पुलिस एवं उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


