फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,02/06/2026। चारधाम यात्रा सीजन और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने शहर को जाम मुक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस, लोक निर्माण विभाग (PWD), संभागीय परिवहन विभाग और NHAI की संयुक्त टीम ने मंगलवार को शहर के प्रमुख चौराहों और यातायात प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।

संयुक्त टीम ने यातायात दबाव, सड़क संरचना, पार्किंग व्यवस्था और अन्य भौतिक चुनौतियों का गहन अध्ययन किया। सर्वेक्षण के दौरान पाया गया कि सुबह 9 बजे से 11 बजे तथा शाम 5 बजे से 8 बजे के बीच स्कूल, कार्यालय और चारधाम यात्रा के चलते वाहनों का दबाव सबसे अधिक रहता है।

निरीक्षण के दौरान फुटपाथ और सर्विस लेन पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, लेफ्ट टर्न में बाधाएं, चौराहों पर कम टर्निंग रेडियस, सड़क ढाल संबंधी समस्याएं, ट्रैफिक सिग्नल टाइमिंग में सुधार की आवश्यकता, घिस चुकी ज़ेबरा क्रॉसिंग और लेन मार्किंग जैसे मुद्दों को चिन्हित किया गया।

संयुक्त टीम ने ऐसे प्रमुख चौराहों की पहचान की है, जहां लेफ्ट टर्न को फ्री करने, सड़क चौड़ीकरण, ड्रॉप लेन निर्माण, डिवाइडर सुधार और यातायात संकेतकों के उन्नयन से करीब 30 प्रतिशत तक जाम की स्थिति कम की जा सकती है।

हरिद्वार पुलिस ने बताया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द ही सुधारात्मक कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे चारधाम यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।

पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे लेन अनुशासन का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर जाम मुक्त और सुरक्षित हरिद्वार बनाने में सहयोग दें।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक यातायात बिपेंद्र सिंह, निरीक्षक CPU हितेश कुमार, संभागीय परिवहन विभाग से श्रीमती वरुणा खंडेलवाल, लोक निर्माण विभाग से दीपक, NHAI से प्रेम बल्लभ और अतुल शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply