फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 31 मई। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जिला प्रेस क्लब हरिद्वार रजि. द्वारा अवधूत मंडल आश्रम में भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत समाज, पत्रकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर हिंदी पत्रकारिता के महत्व और उसकी जिम्मेदारियों पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज, स्वामी नागेंद्र महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यव्रतानंद, महामंडलेश्वर स्वामी सहजानंद पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी आदि योगी पुरी, जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश वालिया एवं महामंत्री अनिल बिष्ट ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का फूलमाला एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि महाराज ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है और एक सशक्त कलम समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं सत्यनिष्ठ पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। एआई और आधुनिक तकनीक के दौर में भी प्रिंट मीडिया और अखबारों का महत्व कभी कम नहीं होगा।
अवधूत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करता है। सच्ची पत्रकारिता समाज में जागरूकता, सकारात्मक सोच और परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है।
महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरी एवं स्वामी नागेंद्र महाराज ने पत्रकारों को समाज का सजग प्रहरी बताते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेने का अवसर भी है।
जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश वालिया ने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लगभग दो शताब्दी पूर्व पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने ‘उदन्त मार्तण्ड’ साप्ताहिक हिंदी समाचार पत्र का प्रकाशन कर हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि समय के साथ हिंदी पत्रकारिता और अधिक सशक्त हुई है तथा इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में भी उसका महत्व निरंतर बना हुआ है।
महामंत्री अनिल बिष्ट ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के गौरव और विश्वसनीयता को बनाए रखने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के पत्रकारों पर है। उन्होंने पत्रकारों से तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुमताज आलम खान, राकेश वर्मा, सुमित वर्मा, त्रिवेश जयमनी, अशोक पांडे, फुरकान अंसारी,मोहन राजा, सनोज कश्यप, मोहम्मद नदीम सलमानी, सागर कुमार, रोहित वर्मा, सद्दाम हुसैन, गणेश भट्ट, सर्वेंद्र कुमार, दीपक झा, भानू पाण्डेय,रूचि डोलिया, उपासना तेश्वर, ऋतिक कुमार, प्रखर कश्यप, मनोज कश्यप, मनव्वर कुरेशी, मुस्कान राजपूत, शिप्रा अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, समाजसेवी अतुल शर्मा, अमित वालिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं अतिथि उपस्थित रहे।


